HomeपंजाबYogi Adityanath: योगी आदित्यनाथ ने किया INDIA गठबंधन पर करारा प्रहार,

Yogi Adityanath: योगी आदित्यनाथ ने किया INDIA गठबंधन पर करारा प्रहार,

योगी आदित्यनाथ

400 पार की बात सुनकर कांग्रेस को आने लगते हैं चक्कर

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित इंडी गठबंधन तीखे प्रहार करते हुए कहा कि इन्होंने देश की भावना का कभी सम्मान नहीं किया।कभी यह भगवान श्री राम के अस्तित्व को नकारते हैं तो कभी अयोध्या में बने भगवान श्री राम मंदिर का विरोध करते हैं। अपनी चिरपरिचित शैली में योगी महाराज ने पूरे भाषण का फोकस हिंदुत्व पर रखा। भीषण गर्मी के बावजूद योगी की जनसभा में पहुंची भारी भीड़ ने उनके आगमन से लेकर भाषण की एक एक पंक्ति पर जमकर जयघोष किया। चंडीगढ़ के भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन के समर्थन में आयोजित योगी की इस चुनावी जनसभा में जोरदार उत्साह दिखा। योगी आदित्य नाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत जगत जननी मां चंडी देवी और मनसा देवी के पावन दरबार को नमन करते हुए सभी गुरु साहिबान की साधना और उनकी भक्ति और शक्ति के संगम चंडीगढ़ के लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि मैं प्रभु श्री राम की जन्मभूमि से आया हूं। आप सभी को जय श्रीराम…।

उन्होंने अपने भाषण में मोदी के दस वर्षों के शासनकाल में आतंकवाद,भ्रष्टाचार और भुखमरी के साथ यूपी में गुंडाराज के खात्मे और विकास की बह रही बयार,लोकहित की योजनाओं,धर्म संस्कृति,आस्था और विरासत के सम्मान की बात रखी। उन्होंने कहा कि आज यूपी सहित कई राज्यों में पांचवें चरण का चुनाव चल रहा है। देश में चार चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं और वह निश्चिंत होकर चंडीगढ़ में खड़े हैं,क्योंकि जो पूरे देश की भावना है,वही उत्तर प्रदेश की है और चंडीगढ़ भी कह रहा है कि आएंगे तो मोदी ही और जीतेंगे तो मोदी ही।खुद देश की जनता बोल रही है कि तीसरी बार मोदी सरकार फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार चार सौ पार।

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि जब चार सौ पार की बात करते हैं तो कांग्रेस को चक्कर आने लगते हैं,क्योंकि आजादी के बाद देश में 55 साल तक राज करने वाली कांग्रेस तो इस बार 400 सीटों पर चुनाव तक नहीं लड़ रही। जनसभा में संवाद बनाते हुए उन्होंने कहा कि आप भी देख रहे हैं और पूरे देश ने भी इस बार देख लिया। आज कांग्रेस की यह हालत हो गई है कि जनता ने उसे 400 सीटों पर चुनाव लड़ने लायक भी नहीं छोड़ा और देश की यही जनता भाजपा को 400 से ज्यादा सीटें जीतने का नारा लगा रही है।उन्होंने कहा कि जो राम का है, वही राष्ट्र का है, जो राम का है, वही हमारा है और जो बाकी हैं वह किसी काम का नहीं है।

योगी आदित्य नाथ ने कहा कि कांग्रेसी तो पहले प्रभु राम को नकारती थे। अब कांग्रेस के एक बुद्धिमान नेता ने भारत में राम मंदिर के निर्माण पर ही सवाल खड़ा कर दिया। योगी ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि भगवान श्रीराम का मंदिर यहां नहीं बन सकता तो कांग्रेस वालों आप जाकर इटली में ही बना लो।उन्होंने कहा कि अब तो कांग्रेसियों को भी प्रभु राम याद आने लगी है। उन्होंने कहा कि यह सब बातें कांग्रेस विनाशकाले विपरीत बुद्धि जैसी है और यही स्थिति कांग्रेस के सहयोगी दलों की है,क्योंकि वे भी राम मंदिर का विरोध करते रहते हैं। इन्होंने तो राम मंदिर बनाने के विषय पर लोगों और देश की न्यायिक व्यवस्था को भी डराने का काम किया था और कहने लगे थे कि राम मंदिर बना तो इसका विरोध होगा,खून की नदियां बह जाएगी,दंगा फसाद होगा।मगर एक तिनका तक नहीं हिला। हमने पहले ही कह दिया था कोई दंगा नहीं होगा,किया तो उल्टा टांग देंगे। और सब कुछ बहुत सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। उन्होंने कहा कि मेरा जन्म उत्तराखंड है,लेकिन सीएम यूपी में हूं। आज यूपी में सौहार्द का वातावरण है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश के अलग अलग हिस्सों में बम विस्फोट होते थे। जब संसद सदस्य होने के नाते वह सदन में मामला उठाते तो कांग्रेस के नेता कहते थे यह तो सीमा पार से होता है,लेकिन 2014 के बाद इन सब पर रोक लग गई। अब अगर गलती से कहीं पटाखा भी फूट जाता है तो उसकी जांच से पहले पाकिस्तान सफाई देता है कि इसमें हमारा कोई हाथ नहीं है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को विकास के साथ दुनिया में सम्मान दिलाने का काम किया है। अराजक तत्वों पर कार्रवाई हुई है। कोरोना काल जैसी वैश्विक महामारी में प्रधानमंत्री सबसे पहले आगे आये। देश की जनता इन सब बातों समझ रही है। योगी ने कहा कि हमारा देश कृतज्ञता व्यक्त करना जानता है और यह किसी से छुपा नहीं है। देश में भाजपा के प्रति जो वातावरण बना है,देश की जनता के इसी प्यार का परिणाम है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भुखमरी,भ्रष्टाचार,बेरोजगारी,आतंकवाद,नक्सलवाद,अराजकता का वातावरण कांग्रेस की देन है और देश में जब भी कोई संकट आता है तो देश छोड़ कर भागने वालों में पहला नाम राहुल गांधी का होता है। उन्होंने चंडीगढ़ वासियों से पूछा कि कोरोना के समय राहुल गांधी या मनीष तिवारी कभी उन्हें संकट से निकालने के लिए सामने आए थे क्या ? उन्होंने कहा कि राहुल तो कोरोनाकाल में यूपी भी नहीं आए थे,जहां से वे सांसद रहे थे। वहीं योगी आदित्यनाथ ने कोरोना काल के दौरान भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन और उनकी टीम द्वारा किए गए कार्यों की जमकर सराहना की।उन्होंने कहा कि जो आपकी सुख और दुख की घड़ी में आपके साथ नहीं,जो आपकी आस्था का सम्मान नहीं करता,उस पर वोट से चोट करने का समय आपके पास आ चुका है।

योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में मौजूद सभी नेताओं,कार्यकर्ताओं और भाजपा समर्थकों से आह्वान किया कि अगले दस दिन तक वे सभी प्रधानमंत्री मोदी जी के लिए घर से निकलेंगे और प्रतिदिन 5-5 परिवारों से संपर्क कर उन्हें भाजपा की लोक कल्याणकारी नीतियों को बताने के साथ भाजपा को वोट डालने के लिए प्रेरित करने की भूमिका निभाएं,क्योंकि मोदी जी ने विकास,धर्म संस्कृति विरासत,अर्थव्यवस्था,वन नेशन वन राशन कार्ड,किसान सम्मान निधि देने,उज्जवला योजना,इज्जत घरों का निर्माण,पीएम आवास योजना,आयुष्मान योजना,मेक इन इंडिया,स्किल इंडिया जैसी योजनाओं से देश को प्रगति के पथ पर लाने का काम किया है।उन्होंने कहा कि लोक कल्याण और देश हित में यह सभी कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जाति,धर्म और क्षेत्र देख कर नहीं,बल्कि प्रत्येक भारतवासी के लिए किए हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम जी का भव्य मंदिर के लोकार्पण से पहले जब एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ तो इसका नाम भगवान वाल्मीकि जी के नाम पर रखा गया। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस और उसके गठबंधन राजनीतिक दलों के नेता भगवान श्रीराम को नहीं मानते,वे प्रभु श्रीराम से साक्षात मिलाने वाले भगवान वाल्मीकि जी को कैसे मानेंगे। मोदी जी ने अपने दस साल के कार्यकाल में विकास कराने के साथ साथ विरासत का भी सम्मान किया,लेकिन कांग्रेस तो अब हमें बुजुर्गों से मिली संपत्ति संसाधनों पर भी विरासत टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह दुर्बुद्धि हैं,इन कांग्रेसियों में दुर्योधन औरंगजेब की आत्मा प्रवेश कर गई है

भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन ने कहा कि रैली में भीड़ देखकर गदगद होकर बोले कि चंडीगढ़ में आज तक एसी रैली नहीं हुई।उन्होंने कहा कि आज चंडीगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है।इसी के साथ चंडीगढ़ की कुछ समस्याएं उन तक पहुंची है। इनमें अलग अलग योजनाओं के तहत जिन्हें घर मिले हैं, उनकी ट्रांसफर और मालिकाना हक देने में जो दिक्कत आती है,उसका हल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीसरी बार सरकार आने पर मालिकाना हक देकर किया जाएगा।शहर में लाल डोरे की समस्या कई वर्षों से चल रही है,इसका हल निकाला जाएगा।चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की समस्या को दिल्ली की तर्ज पर वन टाइम सेटलमेंट से दूर किया जाएगा।रेहड़ी फड़ी वालों की समस्या को आने वाली सरकार दूर करेगी।उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के नेता और लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। और एक कागज देते घूम रहे हैं और सरकार आने पर एक लाख रुपये देने की गारंटी, फ्री तीन सौ यूनिट बिजली और पानी देने की बात करते हैं।टंडन ने कहा कि पंजाब आम आदमी पार्टी की सरकार है और हिमाचल में कांग्रेस की, इन प्रदेशों के लोगों से जाकर पूछ लो इन्होंने जो वायदे किए थे क्या वे निभाए हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता मुंगरी लाल की तरह हसीन सपने दिखाते हैं और वायदे पूरे करने की जब बारी आती है तो भाग जाते हैं।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कांग्रेस या आम आदमी पार्टी के झांसे में आकर कोई गलत निर्णय ना ले।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व प्रत्याशी संजय टंडन ने योगी आदित्यनाथ को माता मनसा देवी की चुनरी,स्वरुप और गदा देकर सम्मानित किया। इस मौके पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ.सरोज पांडेय, निवर्तमान सांसद किरण खेर,यूपी के पूर्व मंत्री अतुल गर्ग,भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा,पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा,आज भाजपा में शामिल हुए चंडीगढ़ के पूर्व सांसद स्वर्गीय हरमोहन धवन की धर्मपत्नी और पुत्र विक्रम धवन के अलावा गायक कन्हैया मित्तल,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूनम शर्मा,रामबीर भट्टी,शक्ति प्रकाश देवशाली, देविंदर सिंह बबला,जगतार जग्गा, प्रदेश महामंत्री हुकम चंद,अमित जिंदल,भाजपा के सभी जिलाध्यक्ष और सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पप्पू शुक्ला,शशि शंकर तिवारी,हरि शंकर मिश्रा,अनिल दुबे,दलीप शर्मा,नरेंद्र पांडे सहित भाजपा के अन्य नेता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments