3 जनवरी 2025:
भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस द्वारा महापौर के चुनाव फरवरी माह में करवाने की मांग को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि इससे उनकी सत्ता-लोलुपता प्रदर्शित होती है।
देवशाली ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस चंडीगढ़ नगर निगम एक्ट के विरुद्ध चुनाव चाहते हैं, जबकि एक्ट के अनुसार चुनाव वर्ष के पहले माह में ही होने चाहिए।
देवशाली ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन का महापौर का पिछले वर्ष का कार्यकाल ‘सर्वाधिक निष्क्रिय’ कार्यकाल के रूप में चंडीगढ़वासियों द्वारा याद किया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने नगर निगम चुनावों में अपने घोषणापत्र में मुफ्त पानी का वादा किया था, लेकिन एक वर्ष का कार्यकाल बीत जाने के बावजूद न तो मुफ्त पानी दिया गया और न ही चंडीगढ़ के निवासियों को समुचित मात्रा में पीने का पानी उपलब्ध हो सका। पिछले वर्ष शहर के विभिन्न भागों में लोग बूँद-बूँद पानी के लिए तरसते रहे और गठबंधन के नेता ‘नीरो’ की भांति सत्ता की बांसुरी बजाते रहे। आज जब महापौर से शहर की जनता बीते वर्ष का लेखा-जोखा मांग रही है, तो अपनी खिसियाहट छुपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेता चुनाव फरवरी में करवाने की मांग उठा रहे हैं।
उन्होंने गठबंधन के संयुक्त लोकसभा प्रत्याशी मनीष तिवारी द्वारा अपने घोषणापत्र में किए गए प्रत्येक परिवार की महिलाओं को 8500 रुपये प्रति माह देने के वादे से मुकरने का भी आरोप लगाते हुए उन्हें शीघ्र यह राशि महिलाओं के खातों में जमा करवाने को कहा।
देवशाली ने चंडीगढ़ प्रशासन से अपील की कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की नगर निगम एक्ट के खिलाफ की जा रही मांग को दरकिनार करते हुए जनवरी माह में ही शीघ्र महापौर, वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर के चुनाव कराए जाएं।