Tuesday, February 4, 2025
Homeमनोरंजनपंजाब को बदनाम करने की गहरी साजिश को नाकाम करने के लिए...

पंजाब को बदनाम करने की गहरी साजिश को नाकाम करने के लिए मुख्यमंत्री ने पंजाब पुलिस को सराहा

अकाली नेता सुखबीर बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा

पुलिस महानिदेशक को मामले की गहनता से जांच करने का निर्देश

एसएएस नगर (मोहाली), 4 दिसंबर:

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज अमृतसर में वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को नाकाम करने के लिए पंजाब पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह राज्य को बदनाम करने की गहरी साजिश थी, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया।

आज यहां ‘निशान-ए-इंकलाब’ प्लाजा के उद्घाटन के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब जैसे पवित्र स्थान पर ऐसे घृणित कृत्य के लिए कोई जगह नहीं है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अलावा लगभग 175 पुलिस कर्मियों को तैनात किया था। उन्होंने कहा कि इसके ठोस परिणाम मिले क्योंकि पंजाब पुलिस ने राज्य का नाम खराब करने की साजिश को नाकाम कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरी घटना पर कड़ी नजर रख रहे हैं और पुलिस अधिकारियों को असामाजिक तत्वों के खिलाफ अधिकतम सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने पहले से ही डीजीपी को इस मामले की गहराई से जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब महान गुरुओं, पीर-पैगंबरों, संतों-महापुरुषों, शहीदों की भूमि है, जो हमेशा भाईचारे और आपसी सहयोग के मूल्यों के लिए मानवता के लिए एक मिसाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अमन-चैन कायम रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार किसी को भी ऐसा कृत्य करने की इजाजत नहीं देगी।

शहीद भगत सिंह हवाई अड्डा, मोहाली और श्री गुरु रामदास हवाई अड्डा, अमृतसर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की पुरजोर वकालत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश जाने वाले पंजाबियों के समय, धन और ऊर्जा की बचत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन दोनों हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टेकऑफ और लैंडिंग की सुविधा के लिए बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रयास कर रही है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानें जल्द शुरू हों। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार विदेशों में रहने वाले पंजाबियों की सुविधा के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments