सार
Delhi NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी कर दी है। दिल्ली एनसीआर के इलाकों में लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। 15 जिलों में लू के थपेड़े चलने की चेतावनी है।
विस्तार
देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी कर दी है। अप्रैल के महीने में ही इस बार जून जैसे हालात हो गए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लोगों को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए दिल्ली से सटे लगभग 15 जिलों में लू के थपेड़े चलने की चेतावनी जारी की है।
40 के पार पहुंचा पारा
बीते सोमवार को इस सीजन में अधिकतम तापमान पहली बार 40 के पार चला गया। वहीं मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार दिन भर लू चलेगी। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सीजन का सबसे गर्म दिन रहा 7 अप्रैल
तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण यह इस सीजन का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। बीते साल अप्रैल में सबसे अधिक तापमान 27 अप्रैल को 40.5 और वर्ष 2023 में 18 अप्रैल को 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। जबकि 2009 में 30 अप्रैल को और 2022 में 29 अप्रैल को तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।